वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज के राजर्षि सभागार में मंगलवार को आयोजित “युवा महोत्सव” में छात्राओं ने अपनी कला, नृत्य और सृजनात्मक प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया। पूरे कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कला, रचनात्मकता और उत्साह का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत कर सभागार में उपस्थित अतिथियों का दिल जीत लिया।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह के सुभाषीष संदेश से हुआ। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से संदेश देते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों की सृजनशीलता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को निखारने का अवसर मिलता है। साथ ही यह राष्ट्र निर्माण की भावना को भी सशक्त करता है। मुख्य अतिथि प्रो. सुधीर कुमार राय (विभागाध्यक्ष, समाजशास्त्र) ने अपने प्रेरणादायक संबोधन में कहा कि युवाओं के पास असीम ऊर्जा और प्रतिभा होती है, बस उन्हें अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण और अनुशासन बनाए रखना चाहिए। विशिष्ट अतिथि प्रो. गोरखनाथ पांडेय (विभागाध्यक्ष, हिन्दी) ने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, शिक्षा और समाज सेवा के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।युवा उत्सव के दौरान समूह लोकगीत, समूह नृत्य, भाषण, साइंस फेस्ट, कहानी लेखन, कविता लेखन व पेंटिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय प्रो. अंजू सिंह ने किया, जबकि सह-संयोजन व धन्यवाद ज्ञापन अग्नि प्रकाश शर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रो. शशिकांत द्विवेदी, डॉ. प्रदीप कुमार सिंह, डॉ. शशिबाला, डॉ. अंजू सिंह, श्वेता सोनकर सहित अनेक शिक्षक-शिक्षिकाओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।









