वाराणसी। महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय दिलाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग, लखनऊ द्वारा बुधवार 17 दिसंबर को वाराणसी में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह जनसुनवाई पूर्वाह्न 11 बजे से सर्किट हाउस सभागार में संपन्न होगी। जनसुनवाई की अध्यक्षता राज्य महिला आयोग की सदस्य गीता विश्वकर्मा करेंगी। कार्यक्रम का आयोजन मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसके तहत घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, भूमि एवं पारिवारिक विवाद, महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न सहित विभिन्न मामलों की सुनवाई की जाएगी।जनसुनवाई के दौरान पीड़ित महिलाएं अपनी समस्याएं सीधे आयोग के समक्ष रख सकेंगी। आयोग द्वारा संबंधित विभागों और अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में मामलों के निस्तारण की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी जाएगी। राज्य महिला आयोग का उद्देश्य है कि महिलाओं को न्याय के लिए भटकना न पड़े और उन्हें सुरक्षित, सम्मानजनक एवं न्यायपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। जनपद की महिलाओं से अपील की गई है कि वे अपनी शिकायतों के समाधान के लिए निर्धारित समय पर जनसुनवाई में उपस्थित होकर लाभ उठाएं।









