वाराणसी, 28 मार्च 2026। मिशन शक्ति अभियान-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रिजर्व पुलिस लाइन्स, कमिश्नरेट वाराणसी में “Run For Empowerment (मैराथन)” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं, छात्राओं एवं विभिन्न संस्थाओं से जुड़ी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए समाज को जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एडीजी जोन वाराणसी श्री पियूष मोर्डिया एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती पूनम मौर्या ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया।
मैराथन में महिला आरक्षियों, पुलिस लाइन परिवार की छात्राओं, विकास इंटर कॉलेज शिवपुर एवं अन्य शिक्षण संस्थानों की छात्राओं के साथ-साथ विभिन्न संगठनों एवं वन स्टॉप सेंटर से जुड़ी महिलाओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। पूरे आयोजन के दौरान महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश प्रमुखता से उभरकर सामने आया।

इस दौरान समाज में प्रेरणादायी योगदान देने वाली महिलाओं—श्रीमती जमुना शुक्ला, श्रीमती शिप्रा धर एवं श्रीमती एकता पारिक—को सम्मानित किया गया। उनके संघर्ष और उपलब्धियों को साझा करते हुए उपस्थित लोगों को प्रेरणा दी गई। मैराथन में बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा उन्हें निर्भीक होकर अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर जागरूकता पंपलेट वितरित किए गए।इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, वन स्टॉप सेंटर से जुड़ी महिलाएं तथा अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन ने महिला सशक्तिकरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।









