वाराणसी। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चोरी, लूट एवं छिनैती की घटनाओं के त्वरित अनावरण तथा वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के अभियान के तहत थाना सारनाथ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ग्राम बरईपुर स्थित महालिया माता मंदिर में हुई चोरी की घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त के कब्जे से चोरी की नकदी भी बरामद की गई है।
वरुणा जोन के पुलिस उपायुक्त के निर्देशन एवं सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए थाना सारनाथ पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस ने 16 दिसंबर 2025 की देर रात करीब 1:20 बजे फरीदपुर अंडरपास स्थित प्राइमरी स्कूल के पास से वांछित अभियुक्त अनुपम सिंह उर्फ अभि (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त के विरुद्ध थाना सारनाथ में संबंधित मुकदमा दर्ज था।
दिनांक 15 दिसंबर 2025 को ग्राम बरईपुर स्थित महालिया माता मंदिर के पुजारी द्वारा थाना सारनाथ में तहरीर दी गई थी कि अज्ञात चोरों ने मंदिर की दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी तथा माता का मुकुट सहित अन्य सामान चोरी कर लिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू की थी।

गिरफ्तार अभियुक्त अनुपम सिंह से पूछताछ के दौरान उसने स्वीकार किया कि उसने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। अभियुक्त के पास से दानपेटी से चोरी की गई 1,235 रुपये की नकदी बरामद हुई है।









