वाराणसी। बृज इनक्लेव कॉलोनी स्थित मुंशी प्रेमचंद पार्क में बृज इनक्लेव समाजसेवी एसोसिएशन द्वारा महानवरात्रि के पावन अवसर पर भव्य देवी जागरण एवं विशाल भंडारे का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ यजमान रवि प्रकाश उपाध्याय ‘बबलू महाराज’ एवं अनिता उपाध्याय द्वारा 11 विद्वान ब्राह्मणों के सान्निध्य में माँ दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि नगर प्रमुख अशोक तिवारी, विशिष्ट अतिथि एडीजे संतोष खरवार, पूर्व सांसद डॉ. राजेश कुमार मिश्र तथा बी.एल.डब्ल्यू. के मुख्य सुरक्षा अधिकारी रामजन्म चौबे ने माँ दुर्गा के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
अतिथियों का स्वागत संस्था के अध्यक्ष डॉ. एस. गिरि एवं उपाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार पाठक ने अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर किया। इसके बाद सुर संग्राम के विजेता भजन गायक मंटू मिश्रा, प्रियंका पांडेय एवं अर्चना तिवारी ने अपने मधुर देवी गीतों से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया। पूरी रात भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।

संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए संस्था के अध्यक्ष डॉ. एस. गिरि, उपाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार पाठक एवं संरक्षक रवि प्रकाश उपाध्याय ‘बबलू महाराज’ ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की एकजुटता और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। डॉ. गिरि ने जोर देते हुए कहा कि “मातृ शक्ति के सम्मान से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।” साथ ही उन्होंने प्रशासन से कॉलोनी की जर्जर सड़कों के सुधार, बेहतर प्रकाश व्यवस्था एवं अराजक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की। कार्यक्रम का संचालन सुभाष चंद्र गोस्वामी ने किया, जबकि अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. एस. गिरि ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर ई. योगेंद्र सिंह, ई. जी.एस. पांडेय, ई. के.एन. चौबे, ई. डी.एन. चौबे, रीना मिश्रा, आर.बी. सिंह, ई. ए.के. सिंह, महेश दूबे, प्रो. प्रद्युम्न दूबे, प्रो. जयकांत तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








