वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में शनिवार को भावनात्मक माहौल उस समय देखने को मिला, जब प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर सुशील कुमार श्रीवास्तव को पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स में प्रिंसिपल चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव के रूप में नई जिम्मेदारी ग्रहण करने के अवसर पर बरेका परिवार द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई।
प्रशासन भवन स्थित कीर्ति कक्ष में आयोजित विदाई समारोह में महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने श्री श्रीवास्तव को स्मृति-चिह्न स्वरूप रेल इंजन का आकर्षक मॉडल भेंट कर उनके उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्री श्रीवास्तव ने अपने कार्यकाल में न केवल तकनीकी दक्षता का परिचय दिया, बल्कि अपनी प्रशासनिक क्षमता और नेतृत्व से बरेका को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
समारोह में उपस्थित सभी विभागाध्यक्षों एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने श्री श्रीवास्तव के दीर्घ अनुभव, कार्यकुशलता एवं समर्पण की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं निरंतर सफलता की कामना की।

आईआरएसईई 1988 बैच के अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव ने 22 जनवरी 1990 को भारतीय रेल में अपनी सेवाएं प्रारंभ की थीं। अपने लगभग तीन दशक से अधिक के सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए उत्कृष्ट प्रशासनिक क्षमता, तकनीकी दक्षता तथा कुशल नेतृत्व का परिचय दिया।
उन्होंने प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर, बरेका के अलावा मुख्य विद्युत सामान्य इंजीनियर, गोरखपुर, मुख्य विद्युत इंजीनियर (कंस्ट्रक्शन), गोरखपुर, सीईडीई गोरखपुर, मंडल रेल प्रबंधक आगरा, जीजीएम (इलेक्ट्रिक) डीएफसीसीआईएल तथा डायरेक्टर (पीएस एवं ईएमयू), लखनऊ जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दीं। उनके नेतृत्व में बरेका ने उत्पादन, गुणवत्ता और नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं।
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लाल जी चौधरी, महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा एवं उप महाप्रबंधक सागर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार, कर्मचारी परिषद सदस्य श्रीकांत यादव, नवीन कुमार सिन्हा, सुशील कुमार सिंह एवं अमित कुमार ने भी श्री श्रीवास्तव को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान को सराहा।









