वाराणसी के नमो घाट पर आयोजित “फिट इंडिया कार्निवाल” के पहले दिन स्वास्थ्य, उत्साह और सांस्कृतिक रंगों का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए SAI के उपनिदेशक शुभांशु द्विवेदी ने कहा कि “फिट इंडिया कार्निवाल केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण की दिशा में एक जन-आंदोलन है।”उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए फिट इंडिया मूवमेंट का उद्देश्य फिटनेस को जीवनशैली बनाना है।इसी भावना के साथ आज सभी प्रतिभागियों ने स्वयं स्वस्थ रहने और समाज को इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
नमो घाट पर तीन सत्रों में आयोजित इस कार्निवाल में बड़ी संख्या में नागरिकों, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम में योग, ज़ुम्बा, खेल गतिविधियों एवं पारंपरिक अखाड़ा प्रदर्शन ने लोगों को आकर्षित किया। योग सत्र में प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में योगाभ्यास कर तन और मन को ऊर्जावान बनाया, वहीं विभिन्न खेल गतिविधियों ने माहौल को रोमांचक बनाए रखा।
सायंकालीन सत्र विशेष रूप से आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें अंतरराष्ट्रीय पैराशूटर एवं स्वर्ण पदक विजेता सुमेधा पाठक को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि फिट इंडिया अभियान न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक रूप से भी व्यक्ति को सशक्त बनाता है और आत्मविश्वास बढ़ाता है।

कार्यक्रम में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मंच कला संकाय के कलाकारों द्वारा कथक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेत्री शालिनी यादव उपस्थित रहीं। वहीं विशिष्ट अतिथियों में क्रीड़ा भारती के प्रांत अध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव, महानगर उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्र एवं अंतरराष्ट्रीय बास्केटबॉल कोच विभोर भृगुवंशी शामिल रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों, अखाड़ा प्रदर्शन, एंकर गेम्स और कैलिस्थेनिक्स डेमो ने पूरे वातावरण को ऊर्जावान बनाए रखा। युवाओं में विशेष रूप से कैलिस्थेनिक्स प्रदर्शन को लेकर उत्साह देखा गया। कार्यक्रम का समापन लाइव बैंड की शानदार प्रस्तुति के साथ हुआ।









