वाराणसी। उदय प्रताप कॉलेज प्राचीन छात्र एसोसिएशन की बैठक साहित्यकार एवं अध्यक्ष डॉ. रामसुधार सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कॉलेज परिसर में छात्र की हत्या की घटना की कड़ी निंदा करते हुए मृतक छात्र के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई।
एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि मृतक छात्र के परिजनों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, ताकि इस कठिन समय में परिवार को कुछ राहत मिल सके।
बैठक के दौरान सदस्यों ने सोशल मीडिया पर घटना को जातीय रंग देकर फैलाए जा रहे दुष्प्रचार पर भी चिंता जताई। इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए निर्णय लिया गया कि जिलाधिकारी एवं पुलिस कमिश्नर से मिलकर इस तरह के भ्रामक प्रचार पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि वह हमेशा सभी वर्गों के छात्रों को समान रूप से छात्रवृत्ति प्रदान करता है और सामाजिक समरसता के प्रति प्रतिबद्ध है।
बैठक में उपाध्यक्ष आनंद विजय, भानु प्रताप सिंह, अमर नाथ सिंह, महेंद्र प्रताप, रजत कुमार सिंह, संजय कुमार सिंह, रामवृक्ष तथा आशुतोष सिंह ‘विट्टू’ सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।









