वाराणसी। चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर रोटरी क्लब वाराणसी डाउनटाउन द्वारा सप्तमी तिथि को जैतपुरा स्थित ज्वरहरेश्वर महादेव मंदिर परिसर के सभागार में 151 कुंवारी कन्याओं का विधिवत पूजन बड़े श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दक्षिणी विधानसभा के पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी रहे। इस अवसर पर क्लब के अध्यक्ष सिद्धार्थ जायसवाल ने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी नवरात्र पर्व पर कन्या पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें 151 कन्याओं को मां दुर्गा का स्वरूप मानकर उनका पूजन किया गया। मुख्य अतिथि द्वारा नौ कन्याओं का तिलक कर, उन्हें चुनरी ओढ़ाकर विधिवत आरती की गई। इसके पश्चात सभी 151 कन्याओं को अध्ययन सामग्री जैसे स्टडी टेबल, बैग, कॉपी-किताबों सहित अन्य उपहार एवं फलाहार भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया गया। डॉ. नीलकंठ तिवारी ने इस पुनीत कार्य के लिए रोटरी क्लब की सराहना करते हुए कहा कि कन्या पूजन भारतीय संस्कृति और नारी सम्मान का प्रतीक है, ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का स्वागत रोटेरियन नेहा कक्कड़ द्वारा अंगवस्त्र भेंट कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन ज्वरहरेश्वर मंदिर समिति एवं पतंजलि योग प्रशिक्षक योगाचार्य अभय स्वाभिमानी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर क्लब के सेक्रेटरी रो0 आकाश कनोडिया, ट्रेजरर रो0 अनुज भार्गव, रो0 कृति भार्गव, रो0 वंदना गुप्ता, रो0 उपासना अग्रवाल, रो0 अंकित अग्रवाल, रो0 सगुन अग्रवाल, रो0 दिलीप गुप्ता, रो0 अवकाश अग्रवाल, भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष संदीप चौरसिया, मंडल अध्यक्ष बंटी गुप्ता सहित रोटरी क्लब के समस्त सदस्य उपस्थित रहे।








