वाराणसी। नवरात्रि पर्व एवं ईद की नमाज़ को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आदमपुर, रामनगर, सिगरा, भेलूपुर, कैंट एवं मण्डुवाडीह क्षेत्रों में नमाज़ स्थलों, मंदिर परिसरों, प्रमुख मार्गों, चौराहों, बाजारों तथा
संवेदनशील स्थानों का गहनता से जायजा लिया गया। इस दौरान पुलिस उपायुक्त काशी जोन सहित अन्य अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहा।चैत्र नवरात्रि के अवसर पर मंदिरों में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए अपर पुलिस आयुक्त ने मंदिर परिसरों, प्रवेश-निकास मार्गों एवं आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से लागू रहें। ईद की नमाज़ को लेकर भी नमाज़ स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती गई। अधिकारियों को
निर्देशित किया गया कि पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, वन-वे मूवमेंट तथा सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई एवं अफवाहों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए। अपर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहें, संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर विशेष निगरानी के भी निर्देश दिए गए। पुलिस प्रशासन की सतर्कता एवं प्रभावी प्रबंधन के चलते जनपद में ईद की नमाज़ शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हुई। विभिन्न मस्जिदों एवं ईदगाहों में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज़ अदा की। वहीं नवरात्रि के अवसर पर भी मंदिरों में श्रद्धालुओं ने
सुव्यवस्थित ढंग से दर्शन-पूजन किया। कमिश्नरेट पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थलों का ही उपयोग करें, यातायात नियमों का पालन करें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का सहयोग करें। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस या डायल 112 पर दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचें, जिससे आपसी सौहार्द बना रहे।









