वाराणसी। काशी तमिल संगमम कार्यक्रम तथा माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के वाराणसी आगमन/भ्रमण/अवस्थान कार्यक्रम को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने सोमवार को नमो घाट का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा तैयारियों का
स्थलीय मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी। निरीक्षण के दौरान पुलिस आयुक्त ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुदृढ़ बैरिकेडिंग सुनिश्चित की गई है। बिना चेकिंग एवं फ्रिस्किंग किसी भी व्यक्ति को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सभी प्रवेश द्वारों पर DFMD स्थापित किए गए हैं तथा प्रत्येक आगंतुक का प्रवेश इन्हीं से होकर होगा। सुरक्षा व्यवस्था को तकनीकी रूप से और मजबूत बनाते हुए ड्रोन कैमरों एवं CCTV सिस्टम के माध्यम से स्थल की सतत निगरानी की जा रही है।कार्यक्रम में कुल 10 आईपीएस अधिकारियों सहित सिविल पुलिस, यातायात पुलिस, पीएसी तथा अर्द्धसैनिक बलों की व्यापक तैनाती कर सुरक्षा प्रबंधन को अभेद बनाया गया है। संवेदनशील स्थानों पर रूफटॉप ड्यूटी लगाई गई है तथा भीड़ नियंत्रण हेतु रस्सों के प्रयोग को अनिवार्य किया गया है। VIP मूवमेंट के दौरान यातायात व्यवस्था बाधित न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और गलियों एवं कटों पर अतिरिक्त नियंत्रण व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मानसिक रूप से पूर्णतः तैयार रहें तथा सौंपे गए दायित्वों का मनोयोगपूर्वक निर्वहन करें। असामाजिक तत्वों, संदिग्ध गतिविधियों एवं सोशल मीडिया पर विशेष सतर्क निगरानी बनाए रखने पर बल दिया गया। शहर के होटल, लॉज, ढाबों एवं अन्य ठहरने वाले स्थानों की गहन चेकिंग करने तथा वहाँ ठहरे व्यक्तियों के पहचान पत्रों की अनिवार्य जांच करने के निर्देश भी जारी किए गए। सभी प्रभारी अधिकारियों को अपने-अपने ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात पुलिसकर्मियों की नियमित ब्रीफिंग करने, लाउड-हेलर का उपयोग करने एवं पर्याप्त मात्रा में रस्से साथ रखने की हिदायत दी गई। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय एवं कानून-व्यवस्था) श्री शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध श्री राजेश सिंह सहित कमिश्नरेट वाराणसी एवं बाह्य जनपदों से आए सभी राजपत्रित अधिकारी, प्रभारियों, थानाध्यक्षों तथा अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।









