वाराणसी। वाराणसी पुलिस के गोमती ज़ोन अंतर्गत थाना मिर्जामुराद पुलिस ने झपट्टा मारकर महिलाओं के गले से मंगलसूत्र छीनने वाली एक अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किया गया मंगलसूत्र व नगदी भी बरामद की है। पुलिस उपायुक्त, गोमती ज़ोन कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, दिनांक 03 अप्रैल 2026 को उ0नि0 अविनाश सिंह एवं म0उ0नि0 अनुजा गोस्वामी (मिशन शक्ति प्रभारी) अपनी टीम के साथ ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मेहंदीगंज अंडरपास के पास से उषा (50 वर्ष), निवासी थाना गाजीपुर कोतवाली, जनपद गाजीपुर को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्ता के पास से एक लाल पर्स, ₹200 नकद तथा एक मंगलसूत्र (पीली धातु का लॉकेट सहित, टूटे काले मोतियों के धागे के साथ) बरामद हुआ। पूछताछ में अभियुक्ता ने बताया कि उसने 2 अप्रैल 2026 को ग्राम प्रतापपुर स्थित शीतला माता मंदिर में भीड़ का फायदा उठाकर दो महिलाओं के मंगलसूत्र काट लिए थे। इनमें से एक मंगलसूत्र ₹700 में बेच दिया, जिसमें ₹500 खर्च हो चुके हैं, जबकि ₹200 उसके पास से बरामद हुए।घटना के संबंध में पीड़िता द्वारा थाना मिर्जामुराद में तहरीर दी गई थी, जिसमें अज्ञात चोर द्वारा मंगलसूत्र छीनने की सूचना दी गई थी। इसी आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर संबंधित धाराओं में वृद्धि भी की गई। पुलिस ने अभियुक्ता के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।









