वाराणसी। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में नवस्थापित मंडलीय जिला सूचना कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने बताया कि मंडलीय जिला सूचना कार्यालय के कार्यकलापों में सुगमता एवं पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट परिसर में उपयुक्त भवन उपलब्ध कराया गया है। कलेक्ट्रेट परिसर में सूचना कार्यालय के संचालित होने से मीडिया हाउस को समाचार संप्रेषण, सूचनाओं के आदान-प्रदान एवं अन्य प्रशासनिक समन्वय कार्यों में उल्लेखनीय सुविधा प्राप्त होगी। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यालय की कार्यप्रणाली, उपलब्ध संसाधनों एवं कर्मचारियों की भूमिका पर भी चर्चा की। उन्होंने अपेक्षा जताई कि नया व्यवस्था मीडिया और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगी।इस अवसर पर सहायक सूचना निदेशक सुरेन्द्र पाल, एकाउंटेंट अनिल श्रीवास्तव, एडीआईओ जितेंद्र यादव सहित नाजिर प्रेम, संतोष, सत्येंद्र, पवन आदि अधिकारी एवं कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।









