वाराणसी। चितईपुर-चुनार मार्ग स्थित संत नगर बरईपुर के पाल बस्ती क्षेत्र में नगर निगम द्वारा प्रस्तावित कूड़ा घर निर्माण को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी रोष व्याप्त है। लगभग 8 बिस्वे भूमि पर कूड़ा निस्तारण केंद्र बनाए जाने की योजना के विरोध में बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं कॉलोनीवासियों ने एकजुट होकर धरना-प्रदर्शन किया और नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर निगम द्वारा पूर्व में इस परियोजना के लिए किसी अन्य स्थान का चयन किया गया था, लेकिन वहां विरोध होने के बाद बिना जनसहमति के इस स्थान को बदलकर पाल बस्ती के समीप प्रस्तावित कर दिया गया। निवासियों का आरोप है कि घनी आबादी के बीच कूड़ा घर बनाए जाने से क्षेत्र में गंदगी, दुर्गंध और संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ जाएगा, जिससे जनस्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ेगा।

धरने के दौरान वक्ताओं ने स्पष्ट रूप से कहा कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, बल्कि जनहित में होने वाले हर सकारात्मक कार्य का स्वागत करते हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि उक्त भूमि पर पार्क, सामुदायिक भवन (बारात घर) या कोई उपयोगी सरकारी कार्यालय बनाया जाए, जिससे क्षेत्र के लोगों को लाभ मिल सके।

प्रदर्शनकारियों ने बताया कि इस संबंध में 19 मार्च को अपर नगर आयुक्त एवं महापौर को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी और अधिक बढ़ गई है।
आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि नगर निगम ने शीघ्र ही कूड़ा घर निर्माण का प्रस्ताव वापस नहीं लिया, तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा। वहीं धरना स्थल पर किसी भी जनप्रतिनिधि की अनुपस्थिति को लेकर भी लोगों में असंतोष देखने को मिला।
धरना-प्रदर्शन में प्रदीप वर्मा, मुन्नालाल, रोशन, राहुल पाल, संतोष पाल, एस.के. त्रिपाठी, दिलीप कुमार, राकेश कुमार, अभिनव पाल, अवनीश पाल, मोहन पाल, बद्री पटेल, पलटू पाल, अंकित पाल, मनीष पाल, जीत पाल, सूरज पटेल, राजू पटेल, दिलीप पाल, विजय पाल, आनंद पाल, छन्नू पाल, अनिल पाल, शुभा मिश्रा, शैल त्रिपाठी, यशपाल, अनुराग पाल, सुरेश पाल, सुनील पाल, मुकेश पाल, राघव विनायक, आरव पाल, आदित्य पाल, शारदा पाल, शुभम पाल, प्रिंस पाल, अंश पाल, पवन पाल, आयुष पाल, विनय पाल, सीमा पाल, सुनीता पाल, रूबी पाल, रेखा पाल, गुड्डी देवी, पंकज शेखर, राम भूषण पाल, भावेश पाल, पूर्ण पाल, गीता पाल, लक्ष्मीना देवी, मुस्कान देवी, रंथ पाल, डिंगूर राम, शिवकुमार, राजकुमार, मनु पाल, लल्लन पाल, महेंद्र पाल, सीता पाल, आशा पाल एवं कौशल पाल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।








