वाराणसी, 25 मार्च 2026: रेल मंत्रालय (रेलवे बोर्ड) के तत्वावधान में आयोजित अखिल रेल हिन्दी नाट्योत्सव–2025 का भव्य समापन आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडीका), रायबरेली में 21 से 25 मार्च 2026 के बीच हुआ। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय स्तर की नाट्य प्रतियोगिता में भारतीय रेल की 20 क्षेत्रीय रेलवे एवं उत्पादन इकाइयों की टीमों ने भाग लेकर अपनी कला का प्रदर्शन किया।
बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका), वाराणसी के नाट्य दल ने अपने प्रभावशाली नाटक “ऑक्टोपस” की प्रस्तुति से दर्शकों और निर्णायकों पर गहरी छाप छोड़ी। दल प्रबंधक सुशील कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व और मुकेश कुमार दुबे के निर्देशन में मंचित इस नाटक ने सशक्त अभिनय, सटीक प्रस्तुति और सामाजिक सरोकारों से भरपूर संदेश के माध्यम से खूब सराहना बटोरी।
प्रतियोगिता में बरेका के वरिष्ठ कलाकार सुधाकर मणि को उनके उत्कृष्ट अभिनय के लिए “सर्वश्रेष्ठ सह-अभिनेता” का प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किया गया। यह सम्मान बरेका नाट्य दल के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

नाट्योत्सव के समापन अवसर पर आरेडीका के महाप्रबंधक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनकी गरिमामयी उपस्थिति में कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
बरेका नाट्य दल में बहादुर प्रताप, नीरज कुमार, अशोक कुमार राकेश, नंदलाल निषाद, अभिषेक सिंह, अविनाश सिंह, मृतुंजय कुमार, ओमप्रकाश, विष्णु मिश्रा, रवि प्रजापति, अनुज कुमार गुप्ता, रतन कुमार, आनंद कुमार राय एवं आलोक सिंह सहित कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बरेका परिवार ने इस उपलब्धि पर नाट्य दल और सभी कलाकारों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।








